पेटरवार में शराब दुकान से 5.5 लाख की लूट, लुटेरों ने की फायरिंग

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Bokaro News: पेटरवार थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हथियारबंद लुटेरों ने विदेशी शराब दुकान से 5.5 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने घटना के दौरान दो राउंड फायरिंग भी की। चार लुटेरे दो बाइकों पर सवार होकर आए और वारदात को अंजाम देने के बाद तेनुघाट की ओर फरार हो गए।

क्या है मामला?

दुकान में मौजूद तीन कर्मचारी आनंद भूषण, साकेत कुमार सिंह और विष्णु प्रसाद ने बताया कि रात करीब 10 बजे एक कर्मचारी बाथरूम के लिए बाहर गया था। जब वह वापस लौट रहा था, तभी लुटेरों ने उसे धक्का देकर दुकान में घुस गए। तीन लुटेरों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उनके मोबाइल छीन लिए, जबकि चौथा लुटेरा नकदी की तलाश में जुट गया। नकदी मिलने के बाद लुटेरों ने भागते समय काउंटर पर फायरिंग की, जो काउंटर में जा लगी।

घटना की सूचना मिलते ही पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे और दुकान का बही-खाता जब्त किया। पीड़ित सेल्समैन ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज की, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और लुटेरों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।

पूर्व विधायक ने जताई नाराजगी

गोमिया के पूर्व विधायक लंबोदर महतो ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस अपराध की कड़ी निंदा की और पुलिस प्रशासन से लुटेरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। महतो ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं और प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए।

Share This Article