रांची: अनुबंधित पैरामेडिकल कर्मी (Contract Paramedical Staff) और अनशनकारी रांची की पूर्णिमा कुमारी की स्थिति गंभीर होने के बाद उसे सदर अस्पताल (Sadar Hospital) में भर्ती किया गया है।
कुल सात अनशनकारी अस्पताल में भर्ती (Admit) हैं। अभी भी 14 अनशनकारी राजभवन स्थित धरनास्थल पर डटे हैं।
झारखंड राज्य अनुबंधित पैरामेडिकल कर्मी संघ एवं झारखंड राज्य NRHM ANM-GNM कर्मचारी संघ के बैनर तले मांगों को लेकर पिछले 15 दिनों से हड़ताल पर हैं जबकि उनके आमरण अनशन का आज 8वां दिन है।
संघ के प्रतिनिधि ने बताया कि सात फरवरी को स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता (Banna Gupta) के साथ संघ की बैठक होगी। संघ के पांच प्रतिनिधि इस बैठक में मौजूद रहेंगे।
संघ की मांगों को उचित जगह तक पहुंचाने का भरोसा दिया
अनुबंधित चिकित्सा कर्मियों के धरना स्थल पर विपक्ष और सत्तापक्ष के नेता पहुंचे।
सभी लोगों ने अनशन खत्म करने का आग्रह किया लेकिन संघ के सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि जब तक स्थायी करने को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं होता है, अनशन जारी रहेगा।
कांके MLA समरी लाल, रांची विधायक SP सिंह, बगोदर विधायक विनोद सिंह, राज्यसभा MP दीपक प्रकाश, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप और कांग्रेसी नेता आलोक दुबे, लाल किशोर नाथ शहदेव और डॉक्टर राजेश गुप्ता छोटू धरना स्थल पर पहुंचे। सभी ने संघ की मांगों को उचित जगह तक पहुंचाने का भरोसा दिया है।