खलारी में सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, लोहे की चोरी का प्रयास विफल; बाइक और सामान जब्त

खलारी में सीआईएसएफ ने खदान क्षेत्र से लोहे की चोरी के प्रयास को नाकाम करते हुए 60 किलो लोहे का एंगल और एक मोटरसाइकिल जब्त कर पुलिस को सौंप दिया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Khalari News : सीसीएल खदान क्षेत्र में लोहे की चोरी के प्रयास को सीआईएसएफ की सतर्कता ने नाकाम कर दिया। नियमित गश्ती के दौरान सीआईएसएफ की टीम ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल से करीब 60 किलोग्राम लोहे का एंगल बरामद किया है। मामले में बाइक और जब्त सामग्री को पुलिस के हवाले कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7 बजे सीआईएसएफ की सीआईडब्ल्यू टीम खदान क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान केडीएच डब्ल्यूबी ब्रिज संख्या-02 के पास एक संदिग्ध अवस्था में खड़ी हीरो होंडा सीडी डॉन मोटरसाइकिल (JH01M-1171) दिखाई दी। जांच करने पर मोटरसाइकिल पर लोहे का एंगल लदा मिला।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई कि बरामद लोहे के एंगल को अवैध रूप से खदान क्षेत्र से बाहर ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इसके बाद निरीक्षक राजेश कुमार सरोज के नेतृत्व में सीआईएसएफ टीम ने आसपास के इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन मौके पर कोई भी व्यक्ति वाहन या सामान पर दावा करने नहीं पहुंचा।

स्थिति को देखते हुए सीआईएसएफ ने मोटरसाइकिल और लोहे के एंगल को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए खलारी थाना को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में सनहा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई की सराहना करते हुए सीआईएसएफ कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि खदान क्षेत्रों में नियमित गश्त और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा चोरी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीआईएसएफ की इस त्वरित कार्रवाई से खदान क्षेत्र में सरकारी संपत्ति की चोरी का एक और प्रयास विफल हो गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की सतर्कता एक बार फिर साबित हुई।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।