संत जेवियर कॉलेज की जमीन को लेकर हुई थी अधिवक्ता मनोज झा की हत्या, पांच गिरफ्तार

News Aroma Media
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: संत जेवियर कॉलेज की जमीन को लेकर अधिवक्ता मनोज झा की हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने हत्याकांड में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में सोनू अंसारी, इमदाद अंसारी, रिजवान अंसारी, संजीत मांझी और सकिल अंसारी शामिल हैं।

इनके पास से एक देशी पिस्टल,तीन गोली, बोलेनो कार , छह मोबाइल और एक बाइक बरामद किया गया है।

हत्याकांड का खुलासा करते हुए एसएसपी सुरेंद्र झा ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बीते 26 जुलाई को तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव में चर्च रोड रांची निवासी अधिवक्ता मनोज झा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बुंडू डीएसपी अजय कुमार और हेडक्वार्टर डीएसपी- एक नीरज कुमार के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था।

एसआईटी टीम ने बंगाल, उड़ीसा और सरायकेला में छापेमारी करते हुए हत्या की घटना में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया।

जबकि हत्या में शामिल मुख्य आरोपी अफसर आलम उर्फ छोटू अब भी फरार है।

अफसर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकाने पर लगातार छापेमारी कर रही है।

एसएसपी ने बताया कि अनुसंधान में पता चला कि अधिवक्ता मनोज झा संत जेवियर कॉलेज प्रबंधन की ओर से रड़गांव में जमीन संबंधित कार्यों की देखरेख करते थे। उस जमीन पर मुख्य आरोपी अफसर आलम अपने अन्य सहयोगियों के साथ दावा करता था।

जेवियर स्कूल ने उस जमीन को रड़गांव के शेख रजा के वंशजों से 2007 में खरीदा था।उसी समय गांव के कुछ लोगों ने इस संबंध में कोर्ट में आवेदन दिया था। तभी से मामला कोर्ट में चल रहा था।

बताया जाता है कि जेवियर कॉलेज के पक्ष में कोर्ट का फैसला आया था। इसके बाद अपराधी अफसर आलम अन्य अपराधकर्मियों के साथ मिलकर योजना बनायी कि अधिवक्ता मनोज की हत्या करने के बाद रास्ता साफ हो जाएगा।

जिसके बाद उस जमीन को बेचकर हम सभी आपस में पैसे का बंटवारा कर लेंगे। एसआईटी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बुंडू अजय कुमार, डीएसपी नीरज कुमार ,थाना प्रभारी बुंडू रमेश कुमार, तमाड़ थाना प्रभारी प्रेम प्रकाश ,सोनाहातू थाना प्रभारी मुकेश हेंब्रम और दशम फॉल थाना प्रभारी विष्णु कांत सहित सशस्त्र बल शामिल थे।

उल्लेखनीय है कि तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव में चर्च रोड रांची निवासी अधिवक्ता मनोज झा की हत्या अपराधियों ने गोली मारकर कर थी। बीते 26 जुलाई को लगभग साढ़े तीन बजे दो पल्सर बाइक पर आए अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया था।

मनोज झा संत जेवियर स्कूल के जमीन विवाद में केस की पैरवी कर रहे थे। जेवियर स्कूल तमाड़ के रड़गांव में 14 एकड़ जमीन पर कॉलेज का निर्माण करा रहा था। वहां पर बाउंड्री का कार्य हो रहा था।

बताया जाता है कि मनोज झा वहां पर देखरेख करने जाया करते थे। 26 जुलाई को भी वह चारदीवारी निर्माण को देखने गए थे।

निर्माण कार्य देखने के बाद वह रड़गांव से महज 500 मीटर की दूरी पर एक पेड़ के नीचे गाड़ी खड़ी कर उसमें बैठे हुए थे।

साथ में उनका चालक असलम भी था। तभी दो पल्सर मोटरसाइकिल पर पांच अपराधी आए और कार में बैठे मनोज झा की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

Share This Article