मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन (Vladimir Putin) से मुलाकात के बाद बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंकों (Alexander Lukashenko) की तबीयत अचानक बिगड़ गयी। उन्हें गंभीर हालत में मॉस्को के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक बेलारूस के राष्ट्रपति Alexander Lukashenko को रूसी राष्ट्रपति Vladimir Putin का बेहद करीबी माना जाता है। वे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मिलने मॉस्को पहुंचे थे।
लुकाशेंको के खून को साफ करने की चल रही है प्रक्रिया
बेलारूस में विपक्ष के नेता वालेरी सेपकालो ने बताया कि लुकाशेंको और पुतिन (Lukashenko and Putin) के बीच बंद कमरे में बातचीत हुई थी, जिसके बाद लुकाशेंको की तबीयत बिगड़ गई।
जिसके बाद लुकाशेंकों को मॉस्को के सेंट्रल क्लीनिकल अस्पताल (Central Clinical Hospital) में भर्ती कराया गया। सेपकालो ने बताया कि रूस के शीर्ष डॉक्टर लुकाशेंको का इलाज कर रहे हैं लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सेपकालो (Sepkalo) ने जानकारी दी कि लुकाशेंको के खून को साफ करने की प्रक्रिया चल रही है।
लुकाशेंको की तबीयत बीते काफी समय से चल रही है खराब
आमतौर पर शरीर में जहर पहुंचने के बाद खून को साफ करने की प्रक्रिया की जाती है। यही वजह है कि लुकाशेंको को जहर देने की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर इस बारे में कुछ नहीं कहा गया है।
वैसे लुकाशेंको (Lukashenko) की तबीयत बीते काफी समय से खराब चल रही है। हालांकि लुकाशेंको ने दावा किया था कि सब ठीक है और वह जल्द ही इससे उबर जाएंगे।