मेदिनीनगर: सतबरवा थाना (Satbarwa Police Station) क्षेत्र के नावाडीह (Nawadih) के रहने वाले पवन सिंह उर्फ सोनू सिंह को उसके घर से अगवा कर उसकी जमकर पिटाई करने का मामला सामने आया है।
इस सिलसिले में BJP के सदर मेदिनीनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष जवाहर चन्द्रवंशी और उसके रिश्तेदारों पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। युवक को बेहतर इलाज के लिए MRMCH में गुरूवार को भर्ती किया गया है।
जवाहर और उसके रिश्तेदार गवाही देने के खिलाफ
इस सिलसिले में सोनू की पत्नी मनीषा सिंह ने सतबरवा थाना में जवाहर चन्द्रवंशी समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।
MRMCH में मनीषा ने गुरूवार की दोपहर बताया कि किसी केस की गवाही में उसके पति समेत कई रिश्तेदारों के नाम हैं। दो तीन दिन बाद गवाही होनी है। जवाहर और उसके रिश्तेदार गवाही देने के खिलाफ हैं।
बुधवार की रात 8.30 बजे जवाहर चन्द्रवंशी एवं अन्य लोग उसके पति को जबरन पकड़कर घर से ले गए और कमरे में बंद कर जमकर पिटाई की। पिटाई से सोनू सिंह के शरीर पर कई जगह चोट के निशान बन गए हैं।
आरोप की जांच करने में पुलिस जुटी हुई
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक शराब के नशे में था। लगाए गए आरोप की जांच करने में पुलिस जुटी हुई है।
इधर, जवाहर चंद्रवंशी ने बताया कि सोनू सिंह पिता गरजू सिंह हमेशा शराब के नशे में रहता है। बुधवार की रात्रि में मेरे घर में घुसकर परिजनों तथा अन्य लोगों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। युवक को पकड़कर सतबरवा पुलिस को सौंप दिया गया है। मारपीट करने का आरोप बेबुनियाद है।