
Dhurwa Missing Children : धुर्वा क्षेत्र से पिछले 12 दिनों से लापता मासूम बच्चों करण, अर्जुन और शिवा नायक की बरामदगी की मांग को लेकर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी धुर्वा मंडल के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकाला गया। शालीमार बाजार से पुराना विधानसभा चौक तक निकाले गए इस जुलूस में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
मंडल अध्यक्ष उमेश यादव के नेतृत्व में आयोजित इस मशाल जुलूस के दौरान लोगों ने बच्चों की जल्द वापसी की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। भाजपा नेताओं ने कहा कि तीन मासूम बच्चों का इतने दिनों तक लापता रहना पूरे शहर के लिए चिंता का विषय है।
भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इतने दिनों बाद भी कोई ठोस सुराग नहीं मिलना चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच करने और बच्चों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यह केवल तीन परिवारों का दर्द नहीं, बल्कि पूरे रांची शहर की चिंता है। जुलूस के दौरान लोगों ने बच्चों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना की और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

