बोकारो पुलिस एक्शन मोड में, लंबित मामलों और अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने दिए सख्त निर्देश

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : बोकारो पुलिस अब अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। रविवार को बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा ने जिले के सभी डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, चोरी और चेन स्नैचिंग पर रोक लगाने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।

अपराध गोष्ठी के दौरान एसपी ने जिले में लंबित कांडों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पुराने मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अनुसंधानकर्ताओं की संख्या बढ़ाई जाए, जबकि गंभीर मामलों की जांच अब डीएसपी स्तर के अधिकारी स्वयं करेंगे।

बैठक में थानों में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और जरूरी होने पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने का भी निर्देश दिया गया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो सके।

चोरी, गृहभेदन और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिले में पेट्रोलिंग बढ़ाने और रक्षक राइडर की संख्या में इजाफा करने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा दूसरे जिलों से जुड़े आपराधिक गिरोहों और संगठित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

मोबाइल चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर एसपी ने लोगों से सीआईआर पोर्टल का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोबाइल चोरी होने पर लोगों को थाने जाने की जरूरत नहीं है। पीड़ित खुद पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जिसके बाद मोबाइल की ऑटोमेटिक ट्रैकिंग शुरू हो जाती है। साथ ही पुलिस की जिम्मेदारी होगी कि मोबाइल बरामद कर पीड़ित तक पहुंचाया जाए।

एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और आम लोगों की शिकायतों के समाधान को लेकर सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चोरी और चेन स्नैचिंग रोकने के लिए पेट्रोलिंग को और मजबूत किया जाएगा तथा संगठित अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।