मुल्लांपुर: मुख्य कोच डैरेन सैमी ने कहा है कि भारत के खिलाफ एकदिवसीय शृंखला से वेस्टइंडीज महत्वपूर्ण सीख लेकर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इस शृंखला से उन्हें अपनी टीम की शीर्ष टीमों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता के बारे में पर्याप्त संकेत मिले हैं।

शाई होप की तूफानी नाबाद 162 रन की पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने शनिवार को यहां 352 रन के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की और भारत को शृंखला में क्लीन स्वीप से रोक दिया। भारत ने शृंखला 2-1 से जीती।
सैमी ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘हम यहां यह जानते हुए आए थे कि भारत के पास कितने स्तरीय खिलाड़ी हैं और हमारा लक्ष्य ऐसी मजबूत टीम के खिलाफ खुद को परखना था। हमने दिखाया है कि अगर हम लंबे समय तक लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो दुनिया की नंबर एक टीम को भी टक्कर दे सकते हैं। इसलिए हम इस विश्वास से भी काफी कुछ सीख लेकर जाएंगे।’’

सैमी ने कप्तान होप की शानदार शतकीय पारी की तारीफ की। होप ने भारत की पूरी पारी के दौरान विकेटकीपिंग करने के बाद यह पारी खेली।
उन्होंने कहा, ‘‘शाई होप ने आज शानदार पारी खेली और हम जीत के हकदार थे। कप्तान थोड़ा थका हुआ है। वह 98.2 ओवर तक मैदान पर था इसलिए मुझे उसकी जगह प्रेस कांफ्रेंस में आना पड़ा। लेकिन वह शानदार खिलाड़ी है। आज उसने बल्लेबाजी में एक बार फिर टीम का भार अपने कंधों पर उठाया जैसा कि वह कई बार पहले भी कर चुका है।’’
सैमी ने कहा, ‘‘ज्वेल एंड्रयू की अंगुली में कुछ दर्द था और कप्तान ने जिम्मेदारी संभाली। यह उसके लिए नई बात नहीं है लेकिन 50 ओवर विकेटकीपिंग करने के बाद पैड पहनकर इस तरह की पारी खेलना खास था। वह शानदार खिलाड़ी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि वेस्टइंडीज के लिए उसने जो कुछ किया है, जिस तरह खेला है और टीम के प्रति जो प्रतिबद्धता दिखाई है, उसका उसे पर्याप्त श्रेय मिलता है। वह अपने प्रदर्शन से नेतृत्व करता है।’’
सैमी ने माना कि तीन मैच में गेंदबाजों पर काफी शारीरिक और रणनीतिक दबाव था क्योंकि पिचों से उन्हें लगभग कोई मदद नहीं मिली।
हालांकि सैमी इस बात से खुश थे कि गेंदबाजों ने प्रतिकूल परिस्थितियों और पिच से मदद नहीं मिलने के बावजूद भारत को औसत स्कोर तक सीमित रखा।
उन्होंने कहा, ‘‘आज हमने देखा कि जेडन सील्स ने कुछ ऐसे ओवर किए जिनमें मौके बने और गेंदबाजी इकाई के तौर पर आपको यही करना होता है। आपको लगातार गेंद सही क्षेत्रों में डालने की कोशिश करनी होती है।’’
सैमी ने कहा, ‘‘मुझे लगा कि पावरप्ले में जेडन सील्स और मैथ्यू फोर्ड ने अल्जारी (जोसेफ) के सहयोग से वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने भारत पर पर्याप्त दबाव बनाया जिससे हम उस पिच पर उसे औसत स्कोर तक सीमित रखने में सफल रहे।’’


