
हजारीबाग: बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत सीकरी ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरी पंचायत निवासी सत्येंद्र पासवान से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सत्येंद्र पासवान चतरा जिले में शिक्षक पद पर कार्यरत हैं। 15 मई 2026, शुक्रवार को उनके मोबाइल फोन पर अपराधियों ने कॉल कर डेढ़ लाख रुपये रंगदारी की मांग की। अपराधियों ने धमकी देते हुए कहा कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें गोली मार दी जाएगी। साथ ही पत्नी, बेटे और पूरे परिवार को घर में घुसकर जान से मारने की भी धमकी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों से पीड़ित परिवार भय के माहौल में था। घटना के बाद सत्येंद्र पासवान ने सिकरी ओपी थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी बड़कागांव पवन कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर साजिद राजा, थाना प्रभारी रामकुमार राम तथा अजय भगत की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान हजारीबाग जिले के ओरिया गांव से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उज्जवल कुमार (25 वर्ष), पिता गंधौरी पासवान तथा राहुल रंजन (26 वर्ष), पिता बलदेव राम, दोनों निवासी ग्राम ओरिया, थाना मुफस्सिल, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है।
इस संबंध में बड़कागांव सिकरी ओपी थाना कांड संख्या 85/26, दिनांक 16 मई 2026 के तहत धारा 308(3)/308(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।पुलिस प्रशासन ने कहा है कि क्षेत्र में बढ़ती अपराध और रंगदारी की घटनाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे मामलों में त्वरित और कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

