Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची में 10 मई को प्रस्तावित पूर्वी क्षेत्रीय परिषद (Eastern Zonal Council) की 27वीं बैठक को केंद्र सरकार ने रद्द कर दिया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बैठक की अध्यक्षता करनी थी, और वह 9 मई को रांची पहुंचने वाले थे। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को उपाध्यक्ष के रूप में, जबकि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को भी बैठक में शामिल होना था।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भागीदारी अनिश्चित थी। रांची में प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन केंद्र ने सभी संबंधित राज्यों को बैठक रद्द होने की सूचना दे दी है।
बैठक की तैयारियां थीं जोरों पर
झारखंड प्रशासन ने बैठक के लिए व्यापक तैयारियां की थीं। मुख्य सचिव अलका तिवारी नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा कर रही थीं।
विकास आयुक्त अविनाश कुमार, रांची DIG अनूप बिरथरे, SSP चंदन कुमार सिन्हा, और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे।
रांची नगर निगम के प्रशासक मनोज कुमार ने एयरपोर्ट रोड, रातू रोड, कडरू, अरगोड़ा, और अन्य क्षेत्रों में सफाई, सौंदर्यीकरण, और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया था।
होटल रेडिसन ब्लू, जहां बैठक होनी थी, में सुरक्षा और आतिथ्य की व्यवस्था पूरी कर ली गई थी।