अंतरराज्यीय लूट-छिनतई गिरोह का पर्दाफाश, सरगना माइकल मोर्बिन डांस समेत 7 गिरफ्तार

News Aroma
2 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand News: जमशेदपुर पुलिस ने लूट, छिनतई और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। शनिवार को सिटी SP कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नीलडीह के पास छापेमारी कर गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। गिरोह का सरगना धनबाद निवासी माइकल मोर्बिन डांस उर्फ पीयूष सिंह है।

अन्य गिरफ्तार आरोपियों में गोलमुरी निवासी हरपाल सिंह उर्फ गबरू, राहुल रजक, परमजीत सिंह, गुरजीत सिंह उर्फ विशाल, सिदगोड़ा निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी और मनप्रीत सिंह शामिल हैं।

गिरोह की वारदातें और बरामद सामान

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह जमशेदपुर के अलावा धनबाद, दिल्ली और अन्य शहरों में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। पूछताछ में आरोपियों ने सिदगोड़ा में एक महिला से कंगन छिनतई, टेल्को में दो महिलाओं से चेन छिनतई, सिदगोड़ा में गृह लूट और चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, दो मैगजीन, दो चापड़, तीन मोबाइल, एक बाइक, एक स्कूटी, एक नीले रंग की सेंट्रो कार, डिफेंस स्प्रे, और लोहे का रॉड बरामद किया है।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास

हरपाल सिंह, हरप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह और गुरजीत सिंह के खिलाफ गोलमुरी, गोविंदपुर, सिदगोड़ा और टेल्को थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों को एमजीएम अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

गुप्त सूचना मिलने पर सिटी SP के नेतृत्व में टेल्को, गोलमुरी, और सिदगोड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। नीलडीह के पास छापेमारी के दौरान सातों आरोपियों को पकड़ा गया, जो किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है।

Share This Article