Salary package of government employees: झारखंड सरकार और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बीच गुरुवार को राज्य के सरकारी कर्मचारियों के सैलरी पैकेज को लेकर एक MOU पर हस्ताक्षर हुआ। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में वित्त विभाग की विशेष सचिव राजेश्वरी बी और SBI के उप महाप्रबंधक देवेश मित्तल ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
इस दौरान वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव वंदना दादेल और SBI के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
कर्मचारियों को मिलेगा 1 करोड़ का दुर्घटना बीमा
एमओयू के तहत, जिन कर्मचारियों का सैलरी अकाउंट SBI में होगा, उन्हें बिना अतिरिक्त शुल्क के 1 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य बीमा, जीवन बीमा और अन्य बैंकिंग सेवाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री बोले- कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार सभी श्रेणी के कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। यह एमओयू कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक नया कदम है।
दुर्घटना बीमा के तहत सेवा काल में मृत्यु होने पर कर्मचारी के परिवार को 1 करोड़ रुपये की सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों के लिए कई अन्य व्यवस्थाएं भी लागू कर रही है।
आर्थिक, स्वास्थ्य और जीवन सुरक्षा के लिए सरकार संवेदनशील
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक, स्वास्थ्य और जीवन सुरक्षा के लिए सरकार संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। SBI जैसी संस्थाएं भी झारखंड जैसे पिछड़े राज्य में सहयोग के लिए आगे आ रही हैं।
उन्होंने कर्मचारियों से राज्य हित में ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करने का आह्वान किया, क्योंकि नीति निर्माण से लेकर योजनाओं को लागू करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।