AJSU 260 प्रखण्डों में विचार गोष्ठी सह सम्मान समारोह का करेगी आयोजन

Digital News
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: आजसू AJSU पार्टी नौ अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राज्य के सभी 260 प्रखण्डों में विचार गोष्ठी सह सम्मान समारोह का आयोजन करेगी। आजसू प्रवक्ता देवशरण भगत ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में यह बातें कही।

उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर झारखण्ड के सभी 260 प्रखण्डों में विचार गोष्ठी सह सम्मान समारोह का आयोजन करेगी।

इस दौरान आजसू के नेता और कार्यकर्ता राज्य के हर प्रखण्ड में आदिवासियों की वर्तमान स्थिति एवं भविष्य को लेकर चर्चा करेंगे।

साथ ही झामुमो महागठबंधन सरकार द्वारा आदिवासियों के लिए किए वादों और घोषणाओं की जमीनी हकीकत क्या है, इसका मूल्यांकन भी किया जाएगा।

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासियों की प्रगति, उत्थान एवं विकास के लिए उत्कृष्ट कार्य करनेवालों को आजसू पार्टी सम्मानित करेगी।

इस दौरान साहित्य, संस्कृति, शिक्षा, खेलकूद, पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में अतुलनीय योगदान देनेवाले आदिवासी विभूतियों एवं मैट्रिक तथा इंटरमीडिएट में अच्छे अंक से उत्तीर्ण होने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया जाएगा।

साथ ही पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आदिवासियों के हक एवं अधिकार के लिए आवाज बुलंद करने तथा सांस्कृतिक विरासतों को संजोकर रखने का संकल्प लेंगे।

उन्होंने बताया कि आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने गुरुवार को गढ़वा एवं बोकारो जिला के 28 प्रखण्ड के नवनियुक्त प्रखण्ड पदाधिकारियों पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी तथा सभी से बारी-बारी से संवाद किया।

अबतक 20 जिला के 224 प्रखण्ड के पदाधिकारियों से केंद्रीय अध्यक्ष ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए सीधा संवाद किया है।

Share This Article