झारखंड में तीन परीक्षाएं रद्द करने का प्रस्ताव, छात्रों से बातचीत के बाद सरकार ने बढ़ाया कदम

झारखंड में परीक्षा गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन के बीच सरकार ने तीन परीक्षाएं रद्द करने का प्रस्ताव दिया। छात्रों से बातचीत के बाद जांच और परीक्षा सुधार की तैयारी शुरू।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand Exam News : झारखंड में परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ रविवार को हुई बातचीत के बाद राज्य सरकार ने तीन परीक्षाओं को रद्द करने का प्रस्ताव दिया है। सूत्रों के मुताबिक, इनमें JPSC की वर्ष 2023 और 2025 की परीक्षाएं तथा 14वीं प्रारंभिक परीक्षा शामिल हैं।

परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। रविवार को आंदोलन का 16वां दिन रहा। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो लंबे समय से आमरण अनशन पर हैं। उनकी तबीयत को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

दो दिन की बातचीत के बाद बनी बात

सरकार और छात्र संगठनों के बीच पिछले दो दिनों से बातचीत चल रही थी, लेकिन किसी ठोस समाधान पर सहमति नहीं बन पाई थी। इसके बाद रविवार को दोनों पक्षों के बीच फिर बैठक हुई। इसी बैठक में सरकार की ओर से तीन परीक्षाओं को रद्द करने का प्रस्ताव सामने आया।

सूत्रों के अनुसार, सरकार ने परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) से कराने पर भी अपनी सहमति जताई है।

TDPL से कराई गई परीक्षाओं की होगी जांच

सरकार ने यह भी कहा है कि लखनऊ की निजी परीक्षा एजेंसी TSR Data Processing Pvt Ltd (TDPL) की ओर से आयोजित सभी परीक्षाओं की जांच और समीक्षा की जाएगी। परीक्षा प्रक्रिया में कहीं कोई अनियमितता सामने आती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

JPSC और JSSC में सुधार की तैयारी

सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए IIM और XISS जैसी संस्थाओं की मदद लेने की तैयारी में है। सरकार इन संस्थानों से संपर्क कर JPSC और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षा प्रणाली में जरूरी सुधारों को लेकर सुझाव लेगी।

छात्र लंबे समय से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, कथित अनियमितताओं की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सरकार के इस प्रस्ताव के बाद आंदोलन कर रहे छात्रों के अगले कदम पर नजर बनी हुई है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।