ऊर्जा निगम में 45 से अधिक उम्र वाले कर्मियों की छंटनी पर लगी रोक, जानें क्या कहा संघ ने

झारखंड ऊर्जा विकास निगम में 45 वर्ष से अधिक आयु के मानव दिवस कर्मियों को हटाने के आदेश पर रोक लगी, श्रमिक संघ की पहल से कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड ऊर्जा विकास निगम में वर्षों से कार्यरत अनुभवी मानव दिवस कर्मियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय के हस्तक्षेप और पहल के बाद 45 वर्ष से अधिक आयु के कर्मियों को हटाने के आदेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। संघ के अध्यक्ष अजय राय ने रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के महाप्रबंधक मनमोहन कुमार से मुलाकात कर एजेंसी द्वारा जारी नोटिस की कानूनी और तकनीकी विसंगतियों से अवगत कराया था। उन्होंने तर्क दिया कि 25-30 वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारियों को केवल उम्र के आधार पर हटाना अमानवीय है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के ‘उमा देवी बनाम कर्नाटक सरकार’ मामले के निर्देशों का हवाला देते हुए कार्यरत कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए नीति बनाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाप्रबंधक मनमोहन कुमार ने JMD एजेंसी को विवादित नोटिस पर तुरंत रोक लगाने का निर्देश दिया।

बैठक में बनी सहमति

JMD एजेंसी द्वारा जारी उस नोटिस और सूची पर तत्काल रोक लगा दी गई है, जिसके तहत 45 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मियों की सेवा समाप्त की जा रही थी। यह साफ किया गया कि 18 से 45 वर्ष की आयु सीमा केवल नई भर्तियों पर लागू होती है, पहले से कार्यरत कर्मियों को हटाने का ऐसा कोई सरकारी या निगम का नियम नहीं है। लंबे समय से कार्यरत कर्मियों के पक्ष में उचित नीति तैयार करने के लिए निगम मुख्यालय से विधिक और प्रशासनिक मंतव्य मांगा जाएगा। श्रमिक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने स्पष्ट किया कि संघ कर्मचारियों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगा और जरूरत पड़ने पर लोकतांत्रिक व कानूनी रास्ते से उग्र आंदोलन करेगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।