मप्र: शादी से इनकार को लेकर महाविद्यालय में छात्रा पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

बड़वानी के एक शासकीय महाविद्यालय में शादी से इनकार करने पर एक सिरफिरे युवक ने 18 वर्षीय छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बड़वानी: मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में शादी से इनकार किए जाने को लेकर मंगलवार को एक युवक ने एक शासकीय महाविद्यालय में 18 वर्षीय छात्रा पर दिनदहाड़े चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

सेंधवा थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुशवाह ने बताया कि शासकीय महाविद्यालय में 18 वर्षीय छात्रा अपनी कक्षा से बाहर निकली थी, तभी गणेश ठाकुर (18) ने उससे शादी की इच्छा जाहिर की।

उन्होंने बताया कि शादी से छात्रा के इनकार करने पर आक्रोशित ठाकुर ने उस पर देशी पिस्तौल तान दी लेकिन ‘ट्रिगर’ दबाने पर गोली नहीं चली जिसके बाद उसने चाकू से युवती पर हमला कर दिया।

कुशवाह ने बताया कि हमले के दौरान युवती के पलट जाने से चाकू उसकी गर्दन पर लगा, जिससे वह घायल हो गई।

उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद विद्यार्थियों और महाविद्यालय के कर्मचारियों ने ठाकुर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।

कुशवाह ने बताया कि हमले में घायल युवती को सेंधवा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।