

महुआडांड़ : महुआडांड़ मतदाता सूची को दुरुस्त करने के महाअभियान में महुआडांड़ प्रखंड ने पूरे अनुमंडल में अपनी अलग पहचान बना ली है। एसडीओ सुलेमान मुंडारी एवम बीडीओ संतोष बैठा के कुशल नेतृत्व और प्रशासनिक टीम की दिन-रात की मेहनत से यहां SIR की प्रक्रिया 90% से अधिक पूरी हो चुकी है।





मिली आंकड़ों के अनुसार एसडीओ सुलेमान मुंडारी ने जानकारी देते हुए बताया कि महुआडांड़ प्रखंड में कुल 54,760 मतदाता हैं। इसमें से अब तक 48,923 मतदाताओं का गहन सत्यापन कार्य पूरा कर लिया गया है। बचे हुए मतदाताओं का कार्य भी युद्धस्तर पर चल रहा है और इसे लक्ष्य से पहले शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे पूरी टीम की मेहनत है। हर बीएलओ ने घर-घर दस्तक दी। प्रखंड के कर्मचारी, शिक्षक, मुखिया, वार्ड सदस्य के साथ-साथ सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने भी तन-मन-धन से सहयोग किया। गांव-गांव में कैंप लगाकर फॉर्म भरवाए गए और दस्तावेजों की जांच की गई।
एसडीओ ने कहा
अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंडारी ने टीम की सराहना करते हुए कहा, “महुआडांड़ की इस उपलब्धि पर मुझे गर्व है। यह सिर्फ आंकड़ा नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। मैं सभी बीएलओ, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को दिल से बधाई देता हूं। हमारा संकल्प है कि एक भी योग्य मतदाता छूटे नहीं।प्रशासन ने अपील की है कि जिन मतदाताओं का सत्यापन अभी नहीं हुआ है वे अपने बीएलओ या पंचायत सचिव से तुरंत संपर्क करें।महुआडांड़ की यह रफ्तार अन्य प्रखंडों के लिए प्रेरणा बन गई है।
