नीति आयोग की बैठक शुरू, पीएम मोदी के साथ विकसित भारत 2047 पर रणनीति तय करने की कवायद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की 11वीं बैठक शुरू हुई, जिसमें ‘विकसित भारत 2047’ के लिए समावेशी मानव विकास, रोजगार, कौशल और डिजिटल सुशासन पर मंथन हुआ।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 11वीं बैठक गुरुवार को शुरू हो गई। इस अहम बैठक में देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और केंद्रीय मंत्री शामिल हुए है। बैठक का मुख्य विषय ‘विकसित भारत 2047 के लिए समावेशी मानव विकास’ रखा गया है। सरकार का लक्ष्य है कि भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित किया जाए। इसके लिए केंद्र और राज्यों के बीच मिलकर एक साझा रणनीति तैयार की जा रही है।

समावेशी विकास पर जोर

बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और सामाजिक समानता जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो रही है। नीति आयोग का कहना है कि असली विकास तभी माना जाएगा जब उसका फायदा समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। इसी दिशा में यह भी तय करने की कोशिश की जा रही है कि योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि लोगों के जीवन में साफ बदलाव दिखें।

चार स्तंभों पर आधारित विकास मॉडल

इस बार की बैठक में समावेशी मानव विकास का एक चार-स्तंभों वाला ढांचा चर्चा का केंद्र रहा।

पहला स्तंभ-मजबूत मानव पूंजी और भविष्य के लिए तैयार कौशल विकास पर आधारित है, ताकि युवा बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था के अनुसार तैयार हो सकें।

दूसरा स्तंभ-उत्पादक रोजगार, उद्यमिता और विकेंद्रीकृत विकास पर केंद्रित है, जिससे स्थानीय स्तर पर अवसर बढ़ें।

तीसरा स्तंभ-स्वास्थ्य, पोषण और समग्र कल्याण को मजबूत करने पर आधारित है।

चौथा स्तंभ-समानता और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में है, ताकि हर वर्ग को विकास में बराबरी का मौका मिल सके।

रोजगार और स्टार्टअप्स पर फोकस

बैठक में रोजगार सृजन, स्किल डेवलपमेंट और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर खास चर्चा हो रही है। सरकार का मानना है कि युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करना और नए अवसर पैदा करना बेहद जरूरी है। इसके लिए कौशल विकास कार्यक्रमों को उद्योगों की जरूरतों के हिसाब से ढालने, स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने और छोटे उद्यमों को बढ़ावा देने पर राज्यों के सुझाव भी साझा किए जा रहे हैं।

डिजिटल सिस्टम और सुशासन पर जोर

नीति आयोग की इस बैठक में सुशासन और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) को भी अहम हिस्सा माना गया है। सरकार चाहती है कि तकनीक और डेटा आधारित सिस्टम के जरिए योजनाओं की निगरानी और प्रभाव को बेहतर बनाया जाए। साथ ही, अल्पकालिक और दीर्घकालिक लक्ष्यों को ट्रैक करने के लिए एक मजबूत मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार करने पर भी चर्चा हुई।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।