

Palamu News : पलामू जिले में अवैध हथियारों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पलामू पुलिस ने ‘ऑपरेशन सफाया’ शुरू किया है। इस अभियान के तहत हथियार तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों और उनसे जुड़े नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें पोस्ट करने वाले लोगों की भी निगरानी कर रही है।





ऑपरेशन शुरू करने से पहले पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामलों में शामिल आरोपियों और हथियार तस्करों की सूची तैयार की। इसके आधार पर छापेमारी और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, पिछले दो दिनों में कार्रवाई के दौरान चार से अधिक अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि जिले में अपराध पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ऑपरेशन सफाया चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले नशे के कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चलाया गया था, जिसमें अच्छी सफलता मिली थी। उसी तर्ज पर अब अवैध हथियारों के खिलाफ यह विशेष अभियान शुरू किया गया है।
पुलिस के अनुसार, तीन जुलाई से चल रहे ऑपरेशन प्रहार के दौरान अब तक 375.32 किलोग्राम गांजा, 6.69 किलोग्राम अफीम, 48 किलोग्राम डोडा और 5.49 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। इस कार्रवाई में अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े 19 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पलामू की भौगोलिक स्थिति भी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे होने के कारण इस इलाके का इस्तेमाल लंबे समय से नशे, अवैध हथियार और अन्य तस्करी के नेटवर्क द्वारा किया जाता रहा है। पुलिस का कहना है कि इन आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
