खूंटी: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) का गुरुवार को अमर शहीद बिरसा की धरती खूंटी (Khunti) में आगमन होगा।
राष्ट्रपति जिला मुख्यालय खूंटी के बिरसा कॉलेज स्टेडियम (Birsa College Stadium) में जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में ट्राइफेड एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त और विकास निगम द्वारा आयोजित महिला सम्मेलन में महिला स्वयं सहायता समूह के साथ संवाद करेंगी।
CM हेमंत सोरेन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति समारोह में भाग लेंगे
इस अवसर पर जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, जनजातीय कार्य राज्य मंत्री रेणुका सिंह सरूता, राज्यपाल CP राधाकृष्णन, CM हेमंत सोरेन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति समारोह में भाग लेंगे।
महिला उद्यमियों को वनों के बारे में उनके अधिकारों, वित्त पोषण और बाजार के संभावित मार्गों और पैमाने की अर्थव्यवस्थाओं के बारे में शिक्षित करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम के दौरान ट्राइफेड, NSTFDC और केंद्र एवं राज्य सरकार के अन्य मंत्रालयों के विविध जनजातीय शिल्प के साथ-साथ जनजातीय कला और शिल्प के लाइव प्रदर्शनों को प्रदर्शित करने वाले बूथ स्थापित करने की योजना है।
सभी तैयारियों को युद्ध स्तर पर अंतिम रुप दिया जा रहा
जनजातीय उत्पादों का शिल्पवार प्रदर्शन 20 स्टाल में प्रस्तुत किया जाएगा, इसके लिए झारखंड और बिहार के 20 आपूर्तिकर्ताओं और वीडीवीके को उनके उत्पादों के साथ भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
इसमें देश भर के जनजातीय उत्पादों को प्रदर्शित करने के अलावा विभिन्न शिल्प वार स्टॉल लगाये जाएंगे। राष्ट्रपति के कार्यक्रम में 25 हजार से अधिक जनजातीय सदस्यों के भाग लेने की संभावना है।
इसे लेकर सभी तैयारियों को युद्ध स्तर पर अंतिम रुप दिया जा रहा है। कार्यक्रम में शामिल होनेवाली हजारों स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बैठने के लिए कार्यक्रम स्थल में विशाल पंडाल बनाया गया है।
राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर बुधवार को भी राज्य के कई वरीय पुलिस प्रशासनिक अधिकारी खूंटी पहुंचे और खूंटी के DC और SP के साथ बिरसा कॉलेज परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल तथा सिंबूकेल में बनाए गए हेलीपैड स्थल का मुआयना कर सुरक्षा सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर खूंटी शहर में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। शहर को छह जोन में बांटकर डंडाधिकारियों के साथ पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
गुरुवार को बिरसा कॉलेज खूंटी स्टेडियम में आयोजित महिला स्वयं सहायता समूह सम्मेलन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होने के मद्देनजर जिला प्रशासन खूंटी द्वारा सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
DC ने निर्देश दिया
राष्ट्रपति के कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को उपायुक्त शशि रंजन एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने प्रतिनियुक्त सभी दण्डाधिकारियों-अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों-कर्मियों को संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण जानकारियां दी।
DC ने कार्यक्रम के मद्देनजर जारी संयुक्त जिला आदेश को अच्छी तरह से पढ़ लेने और प्रतिनियुक्ति स्थल पर किए जानेवाले कार्यों को अच्छी तरह से समझ लेने का निर्देश दिया।
SP ने ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया
उन्होंने प्रवेश द्वार पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं अधिकारियों को बिना वैद्य पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश न करने देने का निर्देश दिया। कार्यक्रम के दिन संभावित भीड़ के मद्देनजर DC और SP ने ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया।
साथ ही सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सजग रहकर हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया।