रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, सामाजिक सौहार्द का संदेश देने वाला अवसर : शिल्पी नेहा तिर्की

रक्षाबंधन पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और गृह मंत्री प्रियंक खड़गे से मुलाकात कर कृषि, पशुपालन और सहकारिता सहयोग पर चर्चा की।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रक्षाबंधन के अवसर पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार एवं गृह मंत्री प्रियंक खड़गे से मिलीं मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की

बेंगलुरु : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार जी को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवकुमार के साथ उनकी आत्मीय मुलाकात हुई। उन्होंने भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सम्मान के प्रतीक इस पावन पर्व की शुभकामनाएं साझा कीं।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आपसी स्नेह, विश्वास, सम्मान और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने वाला अवसर है। इस पवित्र रिश्ते की भावना समाज और देश को एकजुट करने की प्रेरणा देती है।

इस अवसर पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कर्नाटक के माननीय गृह मंत्री प्रियंक खड़गे से भी मुलाकात की और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएँ दीं।

मुलाकात के दौरान राजनीतिक एवं समसामयिक विषयों के साथ-साथ झारखंड के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता क्षेत्र के विकास पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से कर्नाटक और झारखंड के बीच कृषि एवं पशुपालन के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग, किसानों के लिए नई तकनीकों का आदान-प्रदान, पशुधन प्रबंधन, दुग्ध उत्पादन एवं प्रसंस्करण, सहकारिता मॉडल, कृषि प्रसंस्करण तथा किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि कर्नाटक ने कृषि, पशुपालन, दुग्ध क्षेत्र और सहकारिता के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। ऐसे सफल मॉडलों से झारखंड के किसानों, पशुपालकों और सहकारी संस्थाओं को जोड़ने की दिशा में दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और अनुभवों का आदान-प्रदान महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि झारखंड और कर्नाटक के बीच ज्ञान, तकनीक और अनुभवों का साझा उपयोग किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। राज्य सरकार झारखंड के किसानों और पशुपालकों के हित में देश के विभिन्न राज्यों की सफल पहलों को अपनाने तथा आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share This Article