झारखंड

भाजपा सांसद ने किया ट्वीट, कहा- हेमंत सोरेन के इशारे पर नाचने वाले अधिकारियों, अलटा जी, पलटा जी, भजन जी, अच्छा जी, कच्चा जी, ईजी, ऊची सबके लिए सबक

रांची: गोड्डा से भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे ने ट्रांसफर ऑर्डर को ट्वीट करते हुए झारखंड के अधिकारियों को चेतावनी दे दी है।

निशिकांत दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के इशारे पर नाचने वाले अधिकारियों अलटा जी, पलटा जी, भजन जी, अच्छा जी, कच्चा जी, ईजी, ऊची सबके लिए सबक। कानून के अनुसार चलिए। कानून सम्मत काम करिए नहीं तो दिल्ली पोस्टिंग का इंतजार करिए।

निशिकांत दुबे के पोस्ट का जवाब सोशल मीडिया पर ही झारखंड मुक्ति मोर्चा महिला मोर्चा ने दिया है।

उनके पोस्ट को रीट्विट करते हुए लिखा है कि मधुपुर उप चुनाव के बाद से फर्जी डिग्रीधारी महान ठग को बाबा भोलेनाथ का क्रोध झेलने का भय दिख रहा है।

प्रचंड अहंकारी जी में अनायास गोड्डा सीट बचाने को लेकर अजीब सा कौतूहल दिख रहा है।

महाशय, जनता से आपका डर वाजिब है। आपकी यह हताशा आपका भागलपुर का मार्ग प्रशस्त करेगी।

गौरतलब है कि दो दिन पहले 2016 के राज्यसभा चुनाव हॉर्स ट्रेडिंग मामले में पीसी एक्ट के तहत मामला चलाये जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी अधिकारियों को निशाने पर लिया था।

उन्होंने कहा था कि मामले को जीवित रखने के लिए सरकार के इशारे पर कुछ काबिल अधिकारियों ने इसमें नई धाराएं जोड़ने का प्रयास शुरू किया है।

लेकिन किसी को यह भूलना नहीं चाहिए कि यहां कुछ भी शाश्वत नहीं है, जो अधिकारी यह सोच रहे हैं कि अभी गंदगी फैला लेंगे और 2024 तक रिटायरमेंट के बाद आराम की जिंदगी बसर करेंगे तो यह उनकी भूल है। सभी की जिम्मेदारी तय की जायेगी। गलत करके बचने की उम्मीद छोड़ दें।

Back to top button
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker