झारखंड

सरायकेला में वज्रपात से तीन बच्चे घायल, दो की हालत गंभीर

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत मध्य बस्ती में सोमवार को दोपहर करीब ढाई बजे वज्रपात होने से नीम पेड़ के नीचे खेल रहे तीन बच्चे घायल हो गए।

घायलों में जयचंद महतो का 11 वर्षीय पुत्र आनंद महतो, इंद्रजीत महतो का नौ वर्षीय पुत्र परितोष महतो और माठुराम महतो की सात वर्षीय पुत्री अनु महतो हैं।

इसमें आनंद महतो और परितोष महतो की स्थिति गम्भीर बताई गई है, जबकि अनु महतो का बायां हाथ आंशिक रूप से जख्मी हो गया।

उक्त घटना के बाद दोनों बच्चे बेहोश होकर गिर पड़े। तत्पश्चात बच्ची अनु महतो के रोने और चिल्लाने की आवाज़ सुनकर उनके परिजन व आसपास के लोग उस ओर दौड़े।

लोगों द्वारा तुरन्त अमलगम स्टील प्रबंधन को फोन पर इसकी सूचना देकर एम्बुलेंस भेजने का आग्रह किया गया।

स्थानीय लोगों के सहयोग से अमलगम स्टील कम्पनी के एम्बुलेंस से गम्भीर रूप से घायल दोनों बच्चों को टीएमएच भेजा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे अपने घर के समीप ही स्थित बगीचे में नीम पेड़ के नीचे खेल रहे थे।

इसी दौरान रिमझिम बारिश के साथ जोर से वज्रपात हुआ जो नीम पेड़ पर गिरा।

उस वज्रपात की चपेट में आने से तीनों बच्चे घायल हो गए।

बताया गया है कि टीएमएच के चिकित्सकों के अनुसार, दोनों बच्चे खतरे से बाहर हैं।

Back to top button
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker