रांची सदर अस्पताल में शुरू होगी बच्चों की न्यूरो संबंधी बीमारियों की ओपीडी, मिलेगी राहत

रांची सदर अस्पताल में 7 सितंबर से पहली पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी ओपीडी शुरू होगी। मिर्गी, ऑटिज्म, सेरेब्रल पाल्सी समेत बच्चों की तंत्रिका संबंधी बीमारियों का इलाज अब उपलब्ध होगा।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची के सदर अस्पताल में सात सितंबर से बच्चों के मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारियों (पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी) के इलाज के लिए ओपीडी सेवा की शुरुआत होने जा रही है। झारखंड के सरकारी अस्पतालों, रिम्स और मेडिकल कॉलेजों में अब तक किसी विशेषज्ञ पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजिस्ट की तैनाती न होने के कारण यह पूरे राज्य का पहला ऐसा केंद्र होगा। इस नई पहल से मिर्गी, सेरेब्रल पाल्सी, ऑटिज्म और बौद्धिक विकास में देरी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे बच्चों के परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें इलाज के लिए अब दूसरे राज्यों या बड़े महानगरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।

सदर अस्पताल प्रबंधन ने इस ओपीडी के संचालन के लिए डॉ. प्रियंका साहू को नियुक्त किया है। यह ओपीडी सेवा सप्ताह में दो दिन, यानी हर सोमवार और बुधवार को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक उपलब्ध रहेगी। अस्पताल प्रबंधन बच्चों के न्यूरोलॉजी विभाग को और बेहतर बनाने के लिए इसे जल्द ही 24 घंटे संचालित करने और पूर्णतः स्थापित करने की दिशा में भी काम कर रहा है।

इसके साथ ही, सदर अस्पताल में मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी ओपीडी के समय और दिनों का भी विस्तार किया गया है। अब यह ओपीडी सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी। नए गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. अनिकेत के योगदान देने के बाद वह सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार को शाम 4:00 बजे से अपनी सेवाएं देंगे, जबकि डॉ. अखिलेश यादव इस संविदा ओपीडी में अपनी सेवा देंगे। पहले से कार्यरत सीनियर डॉ. जयंत घोष केवल मंगलवार और गुरुवार को ओपीडी संभालते थे, लेकिन अब पांचों दिन सेवाएं मिलने से पेट व पाचन संबंधी बीमारियों के मरीजों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।