रांची: राजधानी रांची के स्ट्रीट वेंडर्स को जल्द ही व्यवस्थित और स्थाई बाजार की सुविधा मिल सकती है। इसी दिशा में रविवार को रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ और रांची की महापौर रोशनी खलखो ने पंडरा थाना के सामने स्थित खाली सरकारी भूमि तथा पंडरा पुल के बाद दाहिनी ओर स्थित खाली स्थान का संयुक्त निरीक्षण किया।

दरअसल, ओटीसी मैदान से लेकर पंडरा फ्रेंड्स कॉलोनी तक बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स वर्षों से सड़क किनारे दुकान लगाकर अपनी आजीविका चलाते हैं। स्थाई स्थान नहीं होने के कारण उन्हें रोजाना कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस मुद्दे को सांसद संजय सेठ ने हाल ही में नगर निगम बोर्ड की बैठक में भी उठाया था और वेंडर्स के लिए स्थाई एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था करने का सुझाव दिया था।
निरीक्षण के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने संभावित स्थल का जायजा लिया। प्रस्ताव है कि इस सरकारी भूमि को विकसित कर स्ट्रीट वेंडर्स के लिए वेंडिंग जोन बनाया जाए ताकि वे सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल में अपना व्यवसाय कर सकें।
इससे उनके रोजगार को स्थिरता मिलेगी और शहर में यातायात एवं अतिक्रमण की समस्या को भी नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
योजना के तहत इस परिसर में दैनिक मजदूरों के लिए शेड और स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे छोटे व्यवसायियों और श्रमिकों दोनों को लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान वार्ड 32 के पार्षद संजय कुमार, वार्ड 33 की पार्षद पुष्पा टोप्पो, वार्ड 34 के पार्षद अजीत कच्छप सहित अशोक मुंडा, सुबेश पांडेय, देवन होंडा, सुशील कुमार और मनोज चौधरी भी मौजूद रहे।


