सुशोभित

यात्रा करते हुए मार्ग में सहसा देखा कि काशफूल खिल गए हैं। ‘अरे, इनकी वेला आन पहुँची क्या’- स्वयं से सहसा पूछ बैठा। यों ये फूल नहीं, लम्बी घासें हैं, किन्तु बंगालियों की सौन्दर्याभिरुचि कह लें कि इन घासों के नाम में पुष्प का प्रत्यय जोड़कर इन्हें ‘কাশফুল’ कह पुकारा है।
तुलसीदास ने कहा है वर्षा ऋतु जब वृद्ध हो जाती है तो काँस फूलते हैं। ये लम्बी सफ़ेद घासें मानों वृद्ध वृष्टि के धवल केश हों! पानी अब कम ही पड़ेगा, भले कुछ दिन अभी रिसता रहे। भरपूर हुलसकर भाद्रपद बीत गया है। क्वाँर लग गया है। शरद ऋतु आन पहुँची है- ‘बरषा बिगत सरद ऋतु आई!’
आकाश में धूम्रमेघ हों तो वायु के वेग से दाएँ-बाएँ डोलते ये काशफूल सम्मोहक मालूम होते हैं, मेघ-मलिन नभ में बगुलों की डार सरीखे ही चित्त को मोह लेने वाले। ये पाहुन अनामंत्रित हैं, स्वत:स्फूर्त हैं, इन्हें उपजाने को मनुष्य प्राय: उद्यम नहीं करता, यों बंगभूम में खजूर का पत्ता और काशफूल की घास का हस्तशिल्प अवश्य बनता है। किन्तु अपनी सुन्दरता में गौरवशाली ये जहाँ-तहाँ उग आते हैं। जैसे आम्रबौर वसन्त के आगमन की पाती देते हैं, वैसे ही ये शरद के अग्रदूत हैं।
वर्षा ऋतु के दो सीमान्त हैं : कुरबक और काँस। कुरबक वर्षा का उत्तर द्वार है, काँस वर्षा का दक्षिण द्वार। वसन्त की प्रौढ़ावस्था में कुरबक झड़ जाता है और वर्षा के आरम्भ के साथ ही कुरबक कहीं भी दिखलाई नहीं देता। वहीं काँस के फूल दिखने के बाद अधिक वर्षा नहीं होती।
तब कह लें कि वर्षा ऋतु कुरबक व काँस के फूलों के बीच दूर्वा-लिपि में लिखी जाती है!
सत्यजित राय की ‘पथेर पांचाली’ में काँस के फूलों के बीच अपु दौड़ा चला जाता है, पीछे-पीछे दुग्गा चली आती है। दोनों भाई-बहन अपने जीवन की पहली रेलगाड़ी को देख दौड़े चले जाते हैं। रेलगाड़ी नभ में काला धुआं छोड़ती जाती है। नभ में मेघ नहीं थे किन्तु रेलगाड़ी ने काले बादलों का एक घोंसला बुन दिया था। उनकी पृष्ठभूमि में काँसें दीप्त हो उठी थीं। आँखों को चुँधिया देने वाला अकलंक, अनभ्र आलोक!
रबीन्द्रनाथ ठाकुर की एक कहानी में काशवन पर शारदीय-धूप पड़ती है तो वह स्वर्णराशि-सा खिल उठता है!
काँस को देखकर मेरा मन प्रफुल्लित हुआ कि अच्छा अब उत्सवों की ऋतु आवेगी। वर्षा- तुमने धरती को बहुत पोसा, सींचा, हरीतिमाओं का तुम आलम्बन बनीं। अब तुम सहज विदा होना। हठ न करना।
शरद काशफूल का मुकुट पहनकर आता है!
यह चन्द्रमा की ऋतु है। और, चन्द्रमा के फूल काँस के दर्पण में मुख निहारकर मुस्काते हैं!
लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं।



