झारखंड

NSG कमांडो की सुदर्शन भारत रैली जमशेदपुर से कोलकाता के लिए रवाना

जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज गेट से निकलकर कोलकाता के लिए रवाना हुई

जमशेदपुर: सुदर्शन भारत परिक्रमा कार रैली राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) कमांडो की टीम शनिवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज गेट से निकलकर कोलकाता के लिए रवाना हुई।

टीम शुक्रवार की शाम जमशेदपुर पहुंची थी। रैली को टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट सर्विसेज) चाणक्य चौधरी ने झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान चाणक्य चौधरी ने कहा कि एनएसजी कमांडो का यहां आना जमशेदपुर वासियों के लिए बड़े ही गर्व की बात है। एनएसजी कमांडो एक ऐतिहासिक दौरे पर निकले हैं।

आजादी के 75 साल पूरे होने पर अमृत महोत्सव के तहत इस रैली को खुद गृह मंत्री ने दो अक्टूबर को लाल किले से रवाना किया था। शनिवार को जमशेदपुर से मुझे झंडी दिखाकर रवाना करने का मौका मिला है।

1925 में महात्मा गांधी जमशेदपुर आए थे तो उन्हें टाटा का यह शहर बहुत पसंद आया था। टाटा स्टील सिर्फ स्टील का प्रोडक्शन नहीं करती है, ब्लकि हमारा 100 साल से भी पुराना इतिहास है।

प्रथम विश्व युद्ध से लेकर दूसरे विश्व युद्ध में भी टाटा स्टील ने काफी योगदान दिया है। रैली बिष्टुपुर गोलचक्कर से होते हुए मोदी पार्क और जुबली पार्क से गुजरते हुए ओल्ड कोर्ट के रास्ते मानगो बस स्टैंड से निकल गई।

इस दौरान सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट की निगरानी में कार रैली के मार्ग के लिए ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण किया गया था।

रैली के पीछे पीसीआर वैन तैनात की गई थी। कार रैली में शामिल एनएसजी कमांडो ने जमशेदपुर वासियों का धन्यवाद किया।

15 टाटा ब्लैक हैरियर गाड़ियों में 47 कमांडों की टीम भारत का तिरंगा और एनएसजी का चिन्ह अपने हाथों में लिए हुए रवाना हुए। शनिवार को ही रैली बहारागोड़ा एनएच के रास्ते कोलकाता पहुंचेगी।

Back to top button
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker