वॉशिगंटन: अमेरिका ने चीनी जासूसी गुब्बारे (Chinese Spy Balloons) को दक्षिण कैरोलिना के तट पर मार गिराया है। अभी तक यह चीनी गुब्बारा अमेरिकी जमीन के ऊपर उड़ान भर रहा था।
यह जैसे ही समुद्र की ओर बढ़ा, वैसे ही कम खतरे को देखते हुए अमेरिकी लड़ाकू विमान (American Fighter Jet) ने इसे मार गिराया। इस संदिग्ध गुब्बारे ने एक हफ्ते पहले अमेरिकी हवाई सीमा में प्रवेश किया था।
अमेरिका ने इसे जासूसी गुब्बारा बता कर इस पर चिंता जताई थी, जबकि चीन ने इसे सामान्य मौसम संबंधी जानकारी जुटाने वाला बैलून बताकर माहौल सामान्य करने की कोशिश की थी। इस बैलून की वजह से अमेरिका और चीन (America and China) के संबंध बेहद खराब हो गए थे।
राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) ने कहा कि उन्होंने गुब्बारे को मार गिराने के लिए बुधवार को ही आदेश दे दिया था। लेकिन, तब अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने इंतजार करने की सिफारिश की थी, जब तक कि यह समुद्र के ऊपर न चला जाए।
अमेरिकी अधिकारियों ने कहा…
इसका प्रमुख उद्देश्य Shoot Down से गिरने वाले मलबे से आम लोगों को बचाना था। बाइडेन ने कहा कि उन्होंने सफलतापूर्वक इसे नीचे गिरा दिया है, और मैं अपने Aviators को बधाई देना चाहता हूं जिन्होंने इसे किया।
एक वरिष्ठ अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने कहा कि चीनी गुब्बारे को मार गिराने वाले मिशन में अमेरिकी वायु सेना के कई लड़ाकू और ईंधन भरने वाले विमान शामिल थे।
लेकिन, इसे वर्जीनिया के लैंगली Air force base से उड़े एक F-22 Raptor fighter plane ने दोपहर 2.39 मिनट पर मार गिराया। इसके लिए एक AIM-9X सुपरसोनिक हीट सीकिंग मिसाइल का इस्तेमाल किया गया।
अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि गुब्बारे को अटलांटिक महासागर (Atlantic Ocean)के अमेरिकी तट से लगभग छह समुद्री मील की दूरी पर अपेक्षाकृत उथले पानी में गिराया गया।
अधिकारियों ने चीन के दावे को खारिज कर दिया
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में चीनी निगरानी उपकरणों के टुकड़ों को खोजकर उसका विश्लेषण किया जाएगा।
एक अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने कहा चीनी गुब्बारे का मलबा सात मील समुद्र में फैला हुआ है। इसकी खोजबीन के लिए कई अमेरिकी सैन्य जहाज (American Military Ship) पहले से ही साइट पर तैनात हैं।
चीन ने अपने गुब्बारे पर अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की है। चीन का दावा है कि इसका उपयोग मौसम विज्ञान और अन्य वैज्ञानिक उद्देश्यों के लिए किया गया था। चीन ने दावा किया कि यह गलती से अमेरिकी हवाई क्षेत्र में भटक गया था।
हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने चीन के दावे को खारिज कर दिया था। चीनी विदेश मंत्रालय (Chinese Foreign Ministry) ने एक बयान में कहा कि चीन ने स्पष्ट रूप से अमेरिका से शांत, पेशेवर और संयमित तरीके से इसे ठीक से संभालने के लिए कहा था। लेकिन अमेरिका ने बल प्रयोग पर जोर दिया।