रांची: झारखंड (Jharkhand) के कई जिलों में हुई बारिश ने गर्मी (Heat) से थोड़ी राहत तो जरूर दी है लेकिन तबाही भी हुई है।
शुक्रवार को भी बारिश, आंधी और तूफान (Storm) की वजह से पेड़ गिरे, कहीं बिजली गायब है, तो कहीं इलाके में रास्ते बंद हैं।
कुछ जिलों में ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की गयी
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद (Abhishek Anand) ने शुक्रवार को बताया कि राज्य के कुछ हिस्सों में 27 मई तक बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ जिलों में ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की गयी है।
इसमें मुख्य रूप से राज्य के उत्तर पूर्वी और मध्य जिलों में बारिश के आसार है, जहां ओलावृष्टि भी होगी।
इस क्षेत्र में देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह (Giridih), पाकुड़, गोड्डा, जामताड़ा, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी आदि जिला शामिल हैं, जहां ओलावृष्टि की जानकारी दी गयी है। वहीं, अन्य इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की जायेगी।
राजधानी रांची में पिछले दो दिनों में बारिश हुई
विभाग के अनुसार राज्य में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर देखा जा रहा है, जिसके कारण बारिश देखी जा रही है। आने वाले दो दिनों तक इसका असर देखा जायेगा।
साथ ही 40 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार से हवा चलने की बात कही गयी है। राजधानी रांची में पिछले दो दिनों में बारिश हुई है, जिससे राजधानी का तापमान में कमी महसूस की गयी।
गर्मी से लोगों को राहत मिली है। विभाग की मानें तो 27 मई के बाद तापमान में फिर से तेजी महसूस की जायेगी, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास होगा। राज्य में गुरुवार को आंधी-बारिश और वज्रपात से सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो पलामू, एक-एक रांची के राहे, खूंटी, चतरा, बेरमो और हजारीबाग जिले के हैं।