Jharkhand News: राष्ट्रीय युवा शक्ति संगठन स्वर्गीय शिबू सोरेन (दिशोम गुरु) को भारत रत्न दिलाने की मांग को लेकर आगामी 5 सितंबर को सुबह 10 बजे से पैदल मार्च शुरू करेगा। मार्च गुरुजी के पैतृक गांव नेमरा (हजारीबाग रोड, बोकारो–रामगढ़ मार्ग) से शुरू होगा। यह जानकारी संगठन के कोषाध्यक्ष सावन लिंडा ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
5 से 7 सितंबर तक चलेगी यात्रा, केंद्रीय अध्यक्ष उत्तम यादव करेंगे अगुवाई
उन्होंने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाला मार्च 5, 6 और 7 सितंबर तक चलेगा। पैदल मार्च 7 सितंबर को रांची स्थित राजभवन पहुंचेगा और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यात्रा की अगुवाई राष्ट्रीय युवा शक्ति के केंद्रीय अध्यक्ष उत्तम यादव करेंगे। इसमें सैकड़ों पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होंगे।
दिशोम गुरु के ऐतिहासिक कार्यों का जिक्र, समाज सुधार और पर्यावरण संरक्षण में योगदान
उन्होंने बताया कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने झारखंड में समाज सुधार, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति जैसे ऐतिहासिक कार्य किए और आमजनों को सम्मान दिलाने में आवाज बुलंद करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसलिए गुरुजी को भारत रत्न सम्मान मिलना चाहिए।

                                    
