Municipal Corporation Takes Strict Action : सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक को सख्ती से लागू कराने के लिए रांची नगर निगम ने शनिवार को अपर बाजार के बाजारटांड़ इलाके में छापेमारी अभियान (Raid Operation) चलाया।
इस दौरान भागवंती प्लास्टिक नामक प्रतिष्ठान से करीब 140 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक (Banned Plastic) जब्त किया गया।
नगर निगम ने दुकान संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे बाजार में काफी देर तक अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल रहा।
अपर प्रशासक के नेतृत्व में चली कार्रवाई
यह छापेमारी नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार के नेतृत्व में इन्फोर्समेंट टीम (Enforcement Team) द्वारा की गई। टीम में सहायक प्रशासक सहित निगम के कई कर्मचारी शामिल थे।
अधिकारियों ने मौके पर ही प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त कर नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की।
अब नहीं बचेगा कोई बहाना, ट्रेड लाइसेंस तक होगा रद्द
अपर प्रशासक संजय कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सिंगल यूज और प्रतिबंधित प्लास्टिक की बिक्री या इस्तेमाल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना तो लगाया ही जाएगा, साथ ही उनका ट्रेड लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि नगर निगम की जमीन या निगम द्वारा आवंटित दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक बिकता पाया गया, तो दुकान का आवंटन तत्काल रद्द कर दिया जाएगा।
शहरभर में चलेगा अभियान, सख्ती और बढ़ेगी
नगर निगम का कहना है कि शहर को साफ-सुथरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
आने वाले दिनों में रांची के अलग-अलग इलाकों में Single use Plastic की खरीद-बिक्री के खिलाफ छापेमारी और तेज की जाएगी। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।




