Drinking Water Crisis Deepens in Jambani Village: बहरागोड़ा प्रखंड के जामबनी गांव में पेयजल की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
गांव में पिछले एक वर्ष से सोलर जलमीनार (Solar Water Tower) खराब पड़ी है, जिससे लगभग 35 परिवारों के सामने पानी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि जलमीनार शो-पीस (Jalminar Showpiece) बनकर रह गई है और इससे किसी तरह की मदद नहीं मिल पा रही है।
खराब जलमीनार ने बढ़ाई दिक्कत
ग्रामीण शिवशंकर गिरी, सदानंद गिरी, आरती गिरी और सावित्री नाइक ने बताया कि जलमीनार पिछले दो साल से ठीक से काम नहीं कर रही है।
इस समस्या की जानकारी कई बार स्थानीय मुखिया और ग्राम प्रधान को दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसके कारण गांव में पानी की किल्लत और बढ़ गई है।
वैकल्पिक व्यवस्था भी नाकाम
गांव में पानी की वैकल्पिक व्यवस्था के नाम पर दो चापाकल और एक कुआं है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों चापाकल अब जवाब दे चुके हैं और उनसे केवल नाममात्र का गंदा पानी निकलता है।

वहीं, गर्मी बढ़ने के साथ कुएं का जलस्तर काफी नीचे चला गया है, जिससे जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं।
दूर से पानी लाने को मजबूर लोग
वर्तमान स्थिति में महिलाओं और बुजुर्गों को दूर-दराज के इलाकों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। इससे रोजमर्रा का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
प्रतिमा गिरी, कल्पना गिरी और सुमित्रा नाइक ने बताया कि उनका ज्यादातर समय पानी के इंतजाम में ही निकल जाता है।
योजना की उपयोगिता पर सवाल
ग्रामीणों का सवाल है कि जब संकट के समय यह योजना काम नहीं आ रही है, तो गांवों में लाखों रुपये की लागत से जलमीनार बनाने का क्या औचित्य है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द जलमीनार की मरम्मत कर इसे चालू किया जाए, ताकि गांववासियों को राहत मिल सके।




