रांची: झारखंड की राजनीति में गुरुवार दोपहर उस वक्त हलचल मच गई, जब पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव और पूर्व विधायक निर्मला देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोपहर करीब तीन बजे दोनों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक, पूर्व मंत्री के खिलाफ बड़कागांव, केरेडारी और पगार ओपी समेत कई थानों में मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वे 31 दिसंबर 2025 से एनटीपीसी के चट्टी बरियातू कोल माइंस में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। पुलिस ने उन्हें सीधे धरना स्थल से ही हिरासत में लिया।
गिरफ्तारी से पहले योगेन्द्र साव अपनी बेटी और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के साथ दिल्ली गए थे। वहां उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। यह मुलाकात कांग्रेस पार्टी के स्तर पर हुई बताई जा रही है।
दिल्ली से लौटने के बाद वे आज फिर चट्टी बरियातू स्थित धरना स्थल पर पहुंचे थे। लेकिन इस बार पुलिस पहले से सतर्क थी और मौके पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। अब देखना होगा कि इस गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति किस करवट बैठती है। फिलहाल, पूरे मामले पर सबकी नजर बनी हुई है।





