बुंडू: नगर पंचायत चुनाव को लेकर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी जितेंद्र उरांव ने बुंडू स्थित मिलन मंदिर सभागार में नगर के बुद्धिजीवियों, व्यवसायियों एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रत्याशी ने नगर के सर्वांगीण विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं और कार्ययोजना को विस्तार से साझा किया। उन्होंने कहा कि बुंडू नगर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए ठोस पहल की जाएगी।

अपने संबोधन में जितेंद्र उरांव ने जनता से समर्थन की अपील करते हुए कहा, “मुझे एक मौका दीजिए, अगले पांच वर्षों तक शिकायत का अवसर नहीं मिलेगा।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव जीतने के बाद नगर में आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कराया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
इसके अलावा उन्होंने पक्की सड़कों और नालियों के निर्माण, जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा जरूरतमंद परिवारों को पानी कनेक्शन उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने भी अपने सुझाव रखे और नगर के समग्र विकास के लिए सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया।




