कांग्रेस विधायक एडजस्ट करना सीखें: रामेश्वर उरांव

Digital News
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रामगढ़: झारखंड सरकार के खिलाफ कांग्रेस विधायकों के नाराजगी पूरी तरीके से जायज है। उनकी बातें नहीं सुनी जाती हैं। यह बात वित्त मंत्री सह के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने भी मानी है।

उन्होंने कहा कि उनकी बातें भी पूरी नहीं हो पाती हैं लेकिन इस समस्या का हल मिल बैठ कर बात कर ही निकाला जाएगा।

उन्होंने कहा कि रामगढ़ विधायक ममता देवी और बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद भी इस मुद्दे पर मुखर हुई हैं। लेकिन इस बात की चर्चा मीडिया में नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पार्टी सर्वोपरि है और उसका एक अनुशासन है। विधायकों को कोई भी समस्या है तो वह मेरे पास आए।

विधायक दल के नेता भी हैं, उनसे चर्चा करें। अगर वहां भी समस्या का हल नहीं होता है तो वे दिल्ली जाएं और वहां अपनी बात रखें।

विधायक मुख्यमंत्री से अक्सर मिलते रहते हैं। उनके समक्ष अपनी बात रखें। पार्टी की वजह से सभी विधायक और मंत्री हैं।

पार्टी ने टिकट दिया है और आर्थिक सहयोग भी किया है। जनता के द्वारा चुने जाने के बाद वे विधानसभा पहुंचे हैं।

कई बार सरकार और अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते हैं। उसको लेकर पार्टी में अंदरूनी चर्चा होनी चाहिए।

अनुशासन बेहद जरूरी है और किसी को भी यह हक नहीं बनता कि वे पार्टी के नियमों से अलग होकर कोई काम करे।

रामेश्वर उरांव ने यह भी कहा कि विधायकों को अक्सर समझाते हैं। विधायक ममता देवी और अंबा प्रसाद को भी उन्होंने समझाने की कोशिश की है।

आउटरीच कार्यक्रम के तहत हर घर तक पहुंचेंगे कांग्रेसी कार्यकर्ता

रामगढ़ से रांची रोड में कांग्रेस के आउटरीच कार्यक्रम और सदस्यता अभियान की समीक्षा में रविवार को प्रदेश के सभी नेता शामिल हुए थे।

प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने रामगढ़ और हजारीबाग दोनों जिलों के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर इन दोनों कार्यक्रमों की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत वे कोरोना पीड़ित परिवारों से मिल रहे हैं। सोनिया गांधी और राहुल गांधी का मूल उद्देश्य यह है कि वे पीड़ित परिवारों से मिले और यह संख्या जुटाए कि कितने लोग कोरोना से काल कवलित हुए हैं, और कितने लोग बीमार पड़े हैं।

इस योजना को शत-प्रतिशत सफल करने के लिए यह समीक्षा बैठक रखी गई है। जल्द ही इस बात की घोषणा होगी कि झारखंड में कोरोना पीड़ितों की संख्या कितनी है।

वर्ष 2022 तक 15 लाख लोगों को कांग्रेस में शामिल करने का लक्ष्य

प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने कहा कि वर्ष 2022 तक झारखंड में 15 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

पिछले वर्ष भी 5 लाख लोगों को पार्टी के साथ जोड़ा गया था। इस वर्ष भी यह कार्यक्रम चल रहा है।

कोरोना की वजह से बीच में यह कार्यक्रम स्थगित हो गया था। अभी भी 6 महीने बाकी है। सदस्यता अभियान जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।

कार्यक्रम में विधायक ममता देवी, अंबा प्रसाद, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष संजय पासवान, प्रदेश प्रवक्ता राजेश गुप्ता उर्फ छोटू, आलोक दुबे, शहजादा अनवर, विधायक प्रतिनिधि मुकेश यादव, बबलू अंसारी, मांडू प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।

Share This Article