नई दिल्ली : जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (जेएनयूएसयू) ने कुलपति शांतिश्री डी पंडित का इस्तीफा मांगा है। यूनियन ने उनकी हालिया टिप्पणियों की निंदा की है और उनका इस्तीफा मांगा है।
बताते चलें कि जेएनयू की कुलपति शांतिश्री डी पंडित ने ‘द संडे गार्डियन’ के पॉडकास्ट में कथित तौर पर जातिवादी टिप्पणी की और ख़ुद के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ा होने पर गर्व जताया था। जेएनयू स्टूडेंट यूनियन ने कहा कि वह इन टिप्पणियों से स्तब्ध है और इसे ‘शर्मनाक’ बताया। इसके साथ ही संगठन ने शनिवार कुलपति के इस्तीफ़े की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया है। ‘द संडे गार्डियन’ के पॉडकास्ट में जेएनयू की कुलपति शांतिश्री पंडित ने कहा था कि यूजीसी के नियम ‘ग़ैर-ज़रूरी’ थे। उन्होंने कहा कि ख़ुद को पीड़ित के तौर पर पेश करने का एक चलन है। आप हमेशा पीड़ित बने रहकर या विक्टिम कार्ड खेलकर आगे नहीं बढ़ सकते। यह अश्वेतों के लिए किया जाता था। वही चीज़ यहां दलितों के लिए लाई गई। किसी को बुरा बनाकर आगे बढ़ना आसान नहीं है। यह एक तरह का ड्रग है। शांतिश्री पंडित ने आरएसएस और राष्ट्रीय सेविका समिति से उनके संबंधों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय सेविका समिति से जुड़े होने पर गर्व है।





