जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को जमशेदपुर दौरे पर आ रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति दोपहर 12 बजे कदमा स्थित मरीन ड्राइव के आयोजन स्थल पहुंचेंगी, जहां श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र ट्रस्ट द्वारा प्रस्तावित मंदिर का भूमि पूजन करेंगी। राष्ट्रपति करीब चार घंटे शहर में रहेंगी और इस दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।
राष्ट्रपति सुबह 11 बजे वायुसेना के विशेष विमान से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए सोनारी एयरपोर्ट आएंगी। इसके बाद उनका काफिला सर्किट हाउस गोलचक्कर, साईं मंदिर होते हुए मरीन ड्राइव स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेगा। कार्यक्रम स्थल पर लगभग 1200 अतिथियों के बैठने की व्यवस्था के साथ विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। ट्रस्ट प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम जनता के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की गई है।
भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह लगभग डेढ़ घंटे तक चलेगा। इस दौरान राष्ट्रपति सभा को संबोधित भी करेंगी। कार्यक्रम के बाद वे सर्किट हाउस जाएंगी और दोपहर भोजन के उपरांत बारिडीह स्थित टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज का दौरा करेंगी। शाम चार बजे वे वापस लौट जाएंगी।





