Rabri Devi Attacks Nitish Government: बिहार विधान परिषद में शुक्रवार को अपराध और खासकर बच्चियों के साथ दुष्कर्म (Rape) की बढ़ती घटनोओं को लेकर विपक्ष ने नीतीश सरकार को घेरा।
प्रतिपक्ष की नेता राबड़ी देवी ने सदन में सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में बच्चियों और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार में छोटी-छोटी बच्चियों के साथ बलात्कार जैसी जघन्य घटनाएं हो रही हैं और कई मामलों में अपराध के बाद उनकी हत्या तक कर दी जा रही है।
राबड़ी देवी ने दावा किया कि केवल फरवरी महीने में ही 35 लड़कियां ऐसी घटनाओं का शिकार हुई हैं।उन्होने सवाल उठाया कि इन पर रोक लगाने के लिए सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है?
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग सभी जिलों में हालात चिंताजनक हैं। उनका कहना था कि जब सरकार कार्रवाई का दावा करती है, तो फिर ऐसी घटनाएं हर जिले में क्यों हो रही हैं? उन्होंने इसे राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि पूरे बिहार में भय का माहौल बनता जा रहा है।
इस पर सभापति Awadhesh Narayan Singh ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि सरकार किसी भी अपराध पर कार्रवाई करती है, चाहे किसी की भी सरकार हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इन मामलों को देखेगी और आवश्यक कदम उठाएगी।

हालांकि, राबड़ी देवी अपने सवाल पर कायम रहीं और दोहराया कि अगर कार्रवाई प्रभावी होती, तो अपराधों पर अंकुश दिखता।
इस बीच राजद के सुनील सिंह ने भी सरकार और पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि अपराध रोकने में पुलिस पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
सरकार की ओर से इसके जवाब में मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि सरकार ऐसी घटनाओं को गंभीरता से ले रही है और लगातार कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ये सभी मामले सरकार के संज्ञान में हैं और सरकार की नीति व नीयत पूरी तरह साफ है। सुनील कुमार ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा । सरकार इन घटनाओं की कड़ी निंदा करती है।
वहीं मंत्री लखेंद्र कुमार रोशन ने कहा कि सरकार किसी अपराधी को बचाने का काम नहीं करती। अपराधी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
JDU के नीरज कुमार ने विपक्ष के आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि यह कहना गलत है कि अपराध की घटनाओं के बाद कार्रवाई नहीं होती।
उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करती है। नीरज कुमार ने सदन में फरवरी महीने में हुई उन घटनाओं का विस्तृत ब्यौरा भी पेश किया, जिनका जिक्र विपक्ष ने किया था।
उन्होने बताया कि उन मामलों में क्या-क्या कार्रवाई हुई है। बच्चियों की सुरक्षा को लेकर सदन में हुई बहस के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।




