Police Conduct Flag March: रांची में नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। चुनाव से पहले शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए Police ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है।
मुख्य चौक-चौराहों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और लगातार Flag March निकाला जा रहा है। फिरायालाल चौक सहित कई प्रमुख इलाकों में पुलिस जवानों की मौजूदगी साफ देखी जा सकती है।

संदिग्ध वाहनों की हो रही जांच
शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शहर में आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कदम असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए उठाया गया है। प्रशासन का कहना है कि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाएगा।
23 फरवरी को होगी वोटिंग
राज्य के 48 नगर निकायों में 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
वहीं मतगणना 27 फरवरी 2026 को की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रचार (Election Campaign) शनिवार शाम से थम जाएगा।

अधिकारियों की लगातार निगरानी
रांची SDM समेत कई वरिष्ठ अधिकारी खुद मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। फ्लैग मार्च के जरिए लोगों को शांतिपूर्ण मतदान का संदेश दिया जा रहा है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है, ताकि चुनाव प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।




