Protest Waqf Act: रांची में बुधवार रात 9 से 9:15 बजे तक विभिन्न मुस्लिम मोहल्लों में लोगों ने वक्फ संशोधन कानून-2025 के विरोध में अपने घरों और दुकानों की बिजली बंद रखी। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के आह्वान पर विभिन्न संगठनों ने लोगों से बिजली बंद करने की अपील की थी।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने एक स्वर में कहा कि यह कानून स्वीकार्य नहीं है। यह अभियान रांची सहित झारखंड के अन्य जिलों में भी चला। अभियान को सफल बनाने में मो. जाहिद, शाहनवाज आलम, मो. सदाब, दानिश, अदनान, अमजद, मो. सालीम, मो. सुहैब, इम्तियाज, सोनू, इज्जमाम आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।
‘नया कानून समानता के अधिकार का हनन’: आमया
आमया संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष एस. अली ने कहा कि केंद्र सरकार का वक्फ संशोधन कानून धार्मिक संस्थाओं पर कुठाराघात करता है और अल्पसंख्यकों की स्वायत्तता को कुचलता है। उन्होंने कहा कि सरकार इसे सुधार बता रही है, मगर यह अधिकारों पर हमला और न्यायिक सिद्धांतों का हनन है।
संविधान का अनुच्छेद-26 धार्मिक संपत्तियों के प्रबंधन का अधिकार देता है, लेकिन नया कानून समानता के अधिकार का उल्लंघन करता है।
संशोधन के तहत वक्फ बोर्डों में पदाधिकारियों का चयन सरकार करेगी, जिससे संस्थाओं की स्वतंत्रता खतरे में पड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लिमिटेशन एक्ट लागू कर कब्जाधारियों को मालिक बनाना चाहती है। वक्फ बाय यूजर और धारा 40 हटाने से ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों को नुकसान होगा। एस. अली ने केंद्र सरकार से कानून वापस लेने की मांग की।