
Godda News: गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित भलकुद्दर गांव से सकुशल बरामद कर लिया है। लड़की अपने कथित प्रेमी के घर पर मिली, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
पथरगामा थाना के एसआई सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 20 मई को नाबालिग के पिता ने थाने में आवेदन देकर बेटी के घर से लापता होने की जानकारी दी थी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस से मदद मांगी गई।
मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी सहायता लेते हुए नाबालिग के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की। जांच में लोकेशन गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के भलकुद्दर गांव में मिली। इसके बाद पथरगामा पुलिस ने बेंगाबाद पुलिस से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की।
प्रेमी के घर से दोनों को लिया गया कब्जे में
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी कर लड़की को उसके कथित प्रेमी के घर से बरामद किया। इसके बाद नाबालिग और युवक दोनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
परिजनों ने युवक पर शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर लड़की को भगाने का आरोप लगाया है। फिलहाल दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए पथरगामा पुलिस अपने साथ ले गई है, और मामले की जांच जारी है।

