Assembly Election 2022 : चार राज्यों की सत्ता में वापसी की ओर भाजपा, पंजाब में आप ही आप

News Desk
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों के लिए चल रही मतगणना में दोपहर 12 बजे तक जो रुझान सामने आ रहे हैं, उसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर की सत्ता में वापसी करती नजर आ रही है।

वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली राज्य की कुर्सी के बाद बड़े बहुमत से पंजाब की सत्ता पर काबिज होने जा रही हैउत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल विधानसभा क्षेत्र से बड़ी बढ़त बनाये हुए है ।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य फिलहाल पीछे चल रहे हैं। मौर्य के साथ ही गोवा में भाजपा की बढ़त के बावजूद मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत पीछे चल रहे हैं।

उधर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पीछे चल रहे है।

उधर, पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी दोनों सीटों चमकौर साहिब और भदौर से पीछे चल रहे हैं। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, शिरोमणि अकाली दल के शीर्ष नेता व पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, कैप्टन अमरिंदर सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल लगातार अपने-अपने क्षेत्र से पीछे चल रहे हैं।

उत्तर प्रदेश से आ रहे रुझानों के मुताबिक सूबे की 403 सीटों में से 275 पर भाजपा आगे चल रही है। जबकि समाजवादी पार्टी 125, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 2, कांग्रेस 3 और अन्य 4 सीटों पर आगे हैं।

उत्तराखंड में अबतक के रुझानों में भाजपा सत्ता में वापसी करती नजर आ रही है। राज्य की 70 सीटों में से 43 पर भाजपा, 23 पर कांग्रेस आगे चल रही है। हालांकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा सीट से अब भी पीछे चल रहे हैं।

वहीं, गोवा की 40 सीटों में भाजपा 18, कांग्रेस 12 पर आगे चल रही है। पंजाब की 117 सीटों में से आम आदमी पार्टी भारी बढ़त के साथ आगे बढ़ रही है।

आम आदमी पार्टी 89, कांग्रेस 18, भाजपा 4, शिरोमणि अकाली दल 6 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि मणिपुर की 60 विधानसभा सीटों में भाजपा 31 और कांग्रेस 7 सीटों पर बढ़त बनाये हुए हैं।

Share This Article