Minor dispute Case : दुमका जिले के सरैयाहाट थाना (Saraiyahat Police Station) क्षेत्र अंतर्गत बैंगनी गांव में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल महरू यादव (55) की रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई। जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव में मातम पसर गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नूनधन यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
टोटो से मवेशी टकराने पर शुरू हुआ विवाद
मामले में सुकसागर यादव ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि गुणसागर यादव के टोटो से उनके मवेशी को धक्का लग गया था, जिससे टोटो का आगे का शीशा टूट गया।इसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ।
आरोप है कि गुणसागर यादव ने अपनी गाड़ी वहीं खड़ी कर सुकसागर यादव के घर से मवेशी खोलकर ले गया।
फरसा लेकर घूम रहा था आरोपी
कुछ देर बाद नूनधन यादव हाथ में फरसा लेकर सुकसागर यादव के घर के पास घूमने लगा। इस पर महरू यादव ने समझाने की कोशिश करते हुए कहा कि पहले मामले का फैसला होने दिया जाए, उसके बाद ही टोटो ले जाने दिया जाएगा।
इसी बात से नाराज होकर नूनधन यादव ने गाली-गलौज करते हुए फरसा से महरू यादव के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया।
देवघर से रांची रेफर, नहीं बची जान
हमले में महरू यादव का सिर फट गया और अत्यधिक रक्तस्राव (Excessive Bleeding) होने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने देवघर रेफर कर दिया।
हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रांची में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गांव में शोक, पुलिस जांच जारी
शव गांव पहुंचते ही शोक का माहौल और गहरा गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य पहलुओं की जांच जारी है।




