चाईबासा के कलाईया गांव में अंधविश्वास का कहर, मां और दो माह के शिशु को जिंदा जलाया

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Mother and Two-Month-Old Baby Burnt Alive : चाईबासा स्थित पश्चिम सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के कलाईया गांव (Kalaiya village) में अंधविश्वास के नाम पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है।

डायन-बिसाही के संदेह में 32 वर्षीय महिला और उसके दो माह के नवजात बेटे को कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया गया।

इस निर्मम वारदात में महिला का पति भी गंभीर रूप से झुलस गया, हालांकि वह किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।

पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे की है। घायल 40 वर्षीय कोल्हान सिंकू ने बताया कि वह अपनी दूसरी पत्नी ज्योति सिंकू, दो साल के बेटे और दो माह के शिशु के साथ घर में सो रहा था।

इसी दौरान गांव की रिश्तेदार राशिका बिरुवा ने बाहर से आवाज लगाई। आवाज सुनकर दंपती घर से बाहर आए, तभी उसकी पहली पत्नी जानी सिंकू भी वहां पहुंच गई।

बताया जाता है कि घर के आंगन में पहले से करीब एक दर्जन महिला, पुरुष और बच्चे मौजूद थे। भीड़ ने ज्योति पर डायन होने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

कोल्हान ने मामले को शांत कर सुबह पंचायत में बात रखने का आग्रह किया, लेकिन भीड़ नहीं मानी।

आरोप है कि कुछ लोग Petrol लेकर आए और ज्योति तथा उसके नवजात पर छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरकर मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।