रांची: रांची से एक अहम जानकारी सामने आई है। दारूल कज़ा इमारत शरीया रांची के क़ाज़ी शरीअत मुफ्ती मोहम्मद अनवर क़ासमी ने साल 2026 के लिए सदका-ए-फित्र की रकम और मात्रा का एलान कर दिया है।
उन्होंने बताया कि जो लोग गेहूं के रूप में सदका-ए-फित्र अदा करना चाहते हैं, वे प्रति व्यक्ति 1 किलो 692 ग्राम (1.692 किलोग्राम) गेहूं दें। अगर कोई उसकी कीमत देना चाहता है तो इस साल 2026 में प्रति व्यक्ति कम से कम 65 रुपये अदा करें। मुफ्ती साहब ने यह भी कहा कि जिन लोगों के पास गुंजाइश हो, वे सिर्फ गेहूं तक सीमित न रहें। जौ, पनीर, किशमिश और खजूर से भी सदका-ए-फित्र अदा किया जा सकता है, ताकि जरूरतमंदों को ज्यादा फायदा मिल सके।

गेहूं के अलावा जौ,पनीर, किशमिश और खजूर से भी करें सदका ए फितर अदा
जो लोग जौ, पनीर, किशमिश या खजूर देना चाहते हैं, उन्हें प्रति व्यक्ति 3 किलो 384 ग्राम (3.384 किलोग्राम) के हिसाब से अदा करना होगा। अगर इन चीजों की कीमत अदा करनी हो तो 2026 के लिए न्यूनतम राशि इस प्रकार तय की गई है. जौ: कम से कम 175 रुपये, खजूर: 1280 रुपये, किशमिश: 1464 रुपये
पनीर: 1354 रुपये.
यह दरें रांची शहर के औसत बाजार मूल्य को ध्यान में रखकर तय की गई हैं। रांची के बाहर रहने वाले लोग अपने-अपने इलाके में गेहूं (1.692 किग्रा) और जौ, पनीर, किशमिश व खजूर (3.384 किग्रा) की मौजूदा कीमत के हिसाब से रकम अदा करें। उन्होंने साफ कहा कि यह न्यूनतम राशि है। अगर कोई इससे ज्यादा देना चाहे तो दे सकता है, और यह बेहतर माना जाएगा।
गौरतलब है कि सदका-ए-फित्र हर उस मुसलमान पर वाजिब है जो मालिक-ए-निसाब हो। उसे अपने साथ-साथ अपनी नाबालिग औलाद की तरफ से भी ईद की नमाज से पहले यह अदा करना जरूरी है। ईद से पहले अपनी जिम्मेदारी निभाएं और जरूरतमंदों तक मदद जरूर पहुंचाएं।




