
रांची : चतरा के सिमरिया थाना क्षेत्र के कासियातू गांव के जंगल में हुए विमान हादसे में विमान में सवार सात लोगों की मौत हो गई। विमान में कुल 7 लोग सवार थे। लातेहार जिले के चंदवा निवासी संजय कुमार का इलाज रांची के देवकमल अस्पताल में चल रहा था जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एयर लिफ्ट कर दिल्ली भेजा जा रहा था। इसी दौरान विमान का एटीसी से संपर्क टूट गया और वह क्रैश हो गया।

घटना के बाद जिले के एसपी और डीसी के नेतृत्व में करीब 7 से 8 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद विमान में फंसे सभी शवों को बाहर निकल गया। घटना सोमवार की शाम 7:30 बजे के करीब घटी। लोगों का कहना है कि जिस वक्त घटना घटी उस समय बारिश हो रही थी और बिजली कड़क रही थी। इसी समय ये हादसा हुआ। घटना के बाद सुरक्षा कर्मियों ने शवों को विमान के मलबे से बाहर निकाला। जिले के एसपी के निर्देश पर एसएसबी के जवानों के सुरक्षा घेरे में विमान के मलबे को रखा गया है। मामले को लेकर जिले के एसपी सुमित अग्रवाल और डीसी कृति श्री ने मीडिया से बात करते हुए पूरे मामले की पुष्टि की है। इसके साथ ही उन्होंने बताया है की घटना के कारणों की जांच करने के लिए दिल्ली से विशेष टीम पहुंचेगी। टीम विमान के ब्लैक बॉक्स की जांच करेगी जिससे पूरी घटना की गुत्थियां सुलझाने में मदद मिलेगी।
