
रांची: रांची RPF ने हटिया रेलवे स्टेशन से घर से भागे दो किशोरों का रेस्क्यू किया है। यह कार्रवाई रांची के RPF कमांडेंट पवन कुमार के डायरेक्शन में ऑपरेशन लिटिल एंजल्स के तहत की गई। मामले को लेकर बताया जा रहा कि मंगलवार को RPF पोस्ट हटिया के कर्मचारी प्लेटफॉर्म नंबर एक के मेन गेट के पास खड़े थे, तभी उन्होंने दो किशोरों को घूमते देखा। जब उन्हें बुलाकर पूछताछ की गई तो पूछताछ में दोनों ने अपना नाम बताया। उन्होंने बताया कि वे चतरा के जोलडीहा गांव के रहने वाले हैं। पिता के डांटने पर वे घर से भाग गए थे। इसलिए, वे हटिया स्टेशन से जनरल टिकट खरीदकर बेंगलुरु जाने की प्लानिंग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वे बेंगलुरु में काम करने जाएंगे।
घर का मोबाइल नंबर नहीं बता पाये किशोर
पूछताछ के बाद दोनों किशोरों को RPF पोस्ट लाया गया । जब उनसे परिवार के मोबाइल फ़ोन नंबर मांगे गए। दोनों में से कोई भी अपने परिवार का मोबाइल फ़ोन नंबर नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उन्हें चाइल्ड लाइन को सौंप दिया। चाइल्ड लाइन अभी आगे की कानूनी कार्रवाई में लगी हुई है। खबर है कि दोनों को उनके परिवारों से मिला दिया जाएगा।
