
बांस घाट परियोजना का निरीक्षण भी किया
पटना : देश के पहले राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद की 63वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को पटना के बांस घाट स्थित उनके समाधि स्थल पर राजकीय स्मृति समारोह का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाधि स्थल पहुंचकर देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित अन्य नेताओं और अधिकारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बांस घाट परियोना और वहां की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने इसके बाद मंदिरी नाला परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन दो-लेन संपर्क सड़क के निर्माण कार्य के प्रगति की भी अधिकारियों से जानकारी ली। इस निर्माणाधीन दो-लेन संपर्क सड़क को नेहरू पथ (बेली रोड) के आयकर चौराहा से दानापुर-बांकीपुर पथ के बांस घाट होते हुए जेपी गंगा पथ से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बांस घाट में शवदाह गृह परिसर का निर्माण निर्धारित समय सीमा के अंदर ठीक ढंग से पूरा कराएं। यहां अंतिम संस्कार में शामिल होने बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराएं। मंदिरी नाला परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन दो-लेन संपर्क सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाकर बेहतर ढंग से निर्माण कार्य पूर्ण कराएं। इस पथ का निर्माण कार्य पूरा हो जाने से नेहरू पथ और जेपी गंगा पथ के बीच सीधी संपर्कता होगी जिससे लोगों को आवागमन में और अधिक सहूलियत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, विधायक श्याम रजक, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष पराशर, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा उपस्थित थे।
