
पलामू: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के चेडाबार गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। एक युवक की निर्मम हत्या कर शव को कोयल नदी में फेंक दिया गया। युवक का शव नदी से बरामद किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव निर्वस्त्र अवस्था में मिला है और शरीर पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं।
मृतक की पहचान योगेंद्र सिंह के रूप में हुई है। योगेंद्र नावाबाजार थाना क्षेत्र का निवासी था। परिजनों के अनुसार उसकी शादी दो वर्ष पहले चेडाबार में हुई थी। इन दिनों उसकी पत्नी इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रही थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह पत्नी के साथ ससुराल आया हुआ था।
शुक्रवार की रात भोजन करने के बाद वह घर से टहलने के लिए निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। शनिवार दोपहर चेडाबार के पास कोयल नदी से उसका शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। मृतक का एक छोटा बच्चा भी है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
